यूनाइटेड बाय यूनिक अभियान के तहत कैंसर जागरूकता हेतु पहल
गोरखपुर के हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान, गीता वाटिका ने विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर यूनाइटेड बाय यूनिक अभियान के अंतर्गत कैंसर देखभाल के जन-केंद्रित दृष्टिकोण को अपनाते हुए एक नि:शुल्क कैंसर जांच एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बस्ती के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रुधौली, बस्ती में शुक्रवार को सुबह 10:00 बजे से शाम 3:00 बजे तक आयोजित हुआ।
152 मरीजों की जांच, परामर्श और दवा वितरण
शिविर में 152 मरीजों की जांच की गई, जिन्हें कैंसर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सी. पी. अवस्थी एवं सहायक चिकित्सक डॉ. राकेश श्रीवास्तव द्वारा कैंसर संबंधित लक्षणों की जांच कर उचित परामर्श एवं निशुल्क दवाएं दी गईं। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को कैंसर के प्रकार, लक्षण और उपचार के बारे में जागरूक किया गया।
गॉलब्लैडर और मुख कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता
शिविर में डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि गोरखपुर और आसपास के जिलों में गॉलब्लैडर (पित्ताशय) और मुख कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसका मुख्य कारण खराब जीवनशैली है। उन्होंने लोगों को गुटका, सिगरेट, पान, सुपारी आदि के सेवन से बचने की सलाह दी, क्योंकि ये पदार्थ मौखिक कैंसर के मुख्य कारण हैं।
शाकाहारी भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर
विशेषज्ञों ने समझाया कि मौखिक सबम्यूकोस फाइब्रोसिस, ल्यूकोप्लाकिया और धूम्रपान करने वालों के तालु में बदलाव कैंसर के प्रारंभिक संकेत हो सकते हैं। अगर इन्हें समय पर नहीं रोका गया तो यह लाइलाज बीमारी की ओर बढ़ सकते हैं।शाकाहारी भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है और कैंसर से बचाव में मदद मिलती है।
कैंसर मरीजों को राहत देगा सरकार का नया बजट
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि भारत सरकार ने कैंसर रोगियों के लिए 36 जीवनरक्षक दवाओं को बुनियादी सीमा शुल्क से मुक्त कर दिया है, जिससे इन दवाओं की कीमत कम होगी और मरीजों को राहत मिलेगी।
जागरूकता सामग्री का वितरण और महत्वपूर्ण योगदान
शिविर में उपस्थित लोगों को कैंसर जागरूकता पत्रक, विवरण पुस्तिका आदि वितरित किए गए, ताकि वे अन्य लोगों को भी इस घातक बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक कर सकें।
इस शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद मिश्रा, डॉ. राकेश श्रीवास्तव, डॉ. संजय, अजय श्रीवास्तव, रामकिशोर, सुधीर शुक्ला, सत्यवती तिवारी, अतुल पांडेय, दिनेश, नारद मुनि, रामसूरत सिंह सहित स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

0 comments: