विधानसभा डुमरियागंज के मिठवल ब्लॉक में आयोजित हुई बैठक, नए पदाधिकारियों की हुई नियुक्ति
रविवार को डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मिठवल ब्लॉक स्थित बाबा मटेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में मित्र संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्रीय नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजू श्रीवास्तव ने संगठन की भूमिका और दायित्वों पर जोर देते हुए सेवा, समर्पण और त्याग के मूलमंत्र को दोहराया।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: मुख्य अतिथि
बैठक को संबोधित करते हुए राजू श्रीवास्तव ने कहा कि मित्र संघ का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि समाज के गरीब, शोषित और वंचित वर्ग तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को ईमानदारी से पहुँचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
2007 से चल रही है सामाजिक सेवा की मुहिम
मुख्य अतिथि ने बताया कि मित्र संघ वर्ष 2007 से स्वास्थ्य शिविरों, रक्तदान शिविरों तथा अन्य जनहितकारी कार्यों के माध्यम से जनपद सिद्धार्थनगर सहित प्रदेश के कई जिलों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव राम आशीष पाठक ने कहा कि सेवा ही संगठन की पहचान है। मित्र संघ के कार्यकर्ता जिस समर्पण से काम कर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणा है।
नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
बैठक में मित्र संघ सिद्धार्थनगर जिला इकाई के लिए राघव गिरी को जिला महामंत्री तथा दिनेश सिंह को जिला मंत्री नियुक्त किया गया। यह घोषणा जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी द्वारा की गई। उन्होंने विश्वास जताया कि नए पदाधिकारी संगठन की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
उपस्थिति
रमेश पाण्डेय, वरिष्ठ भाजपा नेता,जनार्दन पाठक, सोशल मीडिया प्रभारी, राजेंद्र चौरसिया ब्लॉक अध्यक्ष,मिठवल,नागेश्वर मिश्रा,ब्लॉक प्रभारी, मिठवल सूर्यनाथ पाठक,कौशल पासवान, अभिषेक हिन्दुस्तानी, शिवांशु श्रीवास्तव, नितिन ओम आदि पदाधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे।
ग्रामीण पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा, पत्रकारों ने एकजुटता का संकल्प लिया
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, सिद्धार्थनगर द्वारा मंगलवार को संगठन के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर नगर पंचायत डुमरियागंज स्थित सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बाबू बालेश्वर लाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया।
"संगठन में है शक्ति, पत्रकार हों एकजुट" – माता प्रसाद पांडेय
मुख्य अतिथि माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि संगठन में अपार शक्ति होती है। पत्रकारों को संगठित होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने प्रिंट मीडिया की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोशल मीडिया के युग में भी प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता बनी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में पत्रकारिता की अहम भूमिका है।
बाबू बालेश्वर लाल के विचार आज भी प्रासंगिक
वक्ताओं ने गोष्ठी में स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल के विचारों को नमन करते हुए ग्रामीण पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। फेक न्यूज की समस्या पर गंभीर चर्चा हुई।
भनवापुर ब्लॉक प्रतिनिधि लवकुश ओझा ने कहा कि बाबूजी की निडर पत्रकारिता आज भी प्रेरणास्त्रोत है। सपा नेता घिसियावन यादव ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है और बाबूजी ने उसे निष्पक्ष रखा।उन्होंने डुमरियागंज में स्वंतत्रता के लिए शहीद हुए स्थानीय लोगों पर लेखन व स्मृति कार्यक्रम के लिए कहा।जिससे आज की भी पीढ़ी उनके बलिदान को याद रख सके।
पूर्व प्रत्याशी इरफान मालिक ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता बाबूजी के आदर्शों से भटक रही है, और ऐसे दौर में उनके सिद्धांतों की ओर लौटना ज़रूरी है।
पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, समाज सेवा का माध्यम
वरिष्ठ पत्रकार पप्पू रिजवी ने कहा कि स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारों के मार्गदर्शक थे और उन्होंने पत्रकारिता को समाज सेवा का माध्यम माना।
वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर प्रसाद मिश्रा ने कहा कि आज पत्रकारों को फेक न्यूज और राजनीतिक दबावों से निपटने के लिए एकजुट होना होगा।
वरिष्ठ पत्रकार नफासत रिज़वी ने कहा कि जब भी पत्रकारिता संकट में होती है, बाबूजी जैसे लोगों की विरासत हमें रास्ता दिखाती है।
सरकार पर विपक्ष का हमला
गोष्ठी के समापन पर मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर वार भाजपा की सोची-समझी रणनीति है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में ब्राह्मण समाज के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए, जिससे यह समाज उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में ब्राह्मण समाज भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।
उपस्थित रहे कई वरिष्ठ पत्रकार व पदाधिकारी
कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, तहसील अध्यक्ष राजेश पांडेय, ईओ सचिन कुमार सहित वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार पांडेय, विक्रांत श्रीवास्तव, अनिल द्विवेदी, रवींद्र गुप्ता, मनोज शुक्ला, अज्जू सिंह, लक्की शुक्ला, अफजान फ़ारूक़ी, दीपू दुबे, योगेश यादव, जी. एच. कादिर, वसीम, सूरज श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, सब्बन काजी, राकेश यादव, आदित्य सिंह, आफताब, अंकित अग्रहरि, नसीम अहमद समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
पत्रकारों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी सिद्धार्थनगर द्वारा जिला मुख्यालय नौगढ़ स्थित निजी मैरेज हाल में "वक्फ सुधार अधिनियम जनजागरण अभियान" के तहत अल्पसंख्यक प्रबुद्ध संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरियागंज लोकसभा सांसद एवं जेपीसी चेयरमैन जगदम्बिका पाल उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जगदंबिका पाल ने कहा कि वक्फ सुधार अधिनियम देश के गरीब, बेसहारा अल्पसंख्यक परिवारों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सच्चर समिति की रिपोर्ट में बोहरा, आधारखानी, पासमंदा, ओबीसी मुस्लिम और मुस्लिम महिलाओं की बदहाली उजागर की गई थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इसे नजरअंदाज किया। वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने तुष्टीकरण नहीं, सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है।
पहली सरकार जो सम्मान और अधिकार दोनों देती है
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शेशन जमीर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा ने मोदी सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पहली सरकार है जो सभी वर्गों को सम्मान और अधिकार देती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने की। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम सांसद जगदम्बिका पाल की अध्यक्षता में पारित हुआ, जो इतिहास में दर्ज होगा।
विशिष्ट उपस्थिति
कार्यक्रम में शिवनाथ चौधरी, राशिद पठान, खालिक रहमान, सब्बु साहनी, जहीर सुमताज अली, रहमतुल्ला, कलीम खान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यक्रम में नगरवासियों की रही सक्रिय भागीदारी
जनपद सिद्धार्थनगर के नगर पंचायत डुमरियागंज में मंगलवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नगरवासियों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। यह आयोजन कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुई आतंकवादी घटना के विरोध में किया गया, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी थी।
डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर पाकिस्तान का झंडा बिछाकर लोगों ने गाड़ियों और पैरों से उसे रौंदा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'आतंकवाद मुर्दाबाद' और 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से पाकिस्तान के प्रति सख्त रुख अपनाने की मांग की।
घटना पर पत्रकारों की तीखी प्रतिक्रिया
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव व तहसील अध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने पहलगाम की घटना को कायरतापूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आधार पर पर्यटकों की हत्या मानवता के विरुद्ध है और भारत सरकार को इसका सख्त जवाब देना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार संजय त्रिपाठी व अजय कुमार पांडेय ने कहा कि जिस तरह लोगों ने सड़क पर पाकिस्तान के झंडे को रौंदा, उसी तरह भारत सरकार को पाकिस्तान को जवाब देना चाहिए।
कई गणमान्य रहे उपस्थित
इस दौरान रूहेल अहमद, रविन्द्र कुमार गुप्ता, वसीम अकरम, सीएल पाण्डेय, सूरज श्रीवास्तव, अंकित अग्रहरि, जेपी सिंह, अवधेश चौधरी, हरीश पाण्डेय, मकेश्वर पाण्डेय, गौतम अग्रहरि, विष्णु श्रीवास्तव, गंगासागर दूबे आदि मौजूद रहे।
पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से हमला
जनपद सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव में शुक्रवार रात एक भतीजे ने पुरानी रंजिश के चलते अपने बड़े पापा की बेरहमी से हत्या कर दी। धारदार हथियार से सिर और गले पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।
पड़िया गांव निवासी जगराम उर्फ डेबई (60) पुत्र सत्तन शुक्रवार रात घर के बाहर बने छप्पर में सो रहे थे। रात करीब 10 बजे उनका भतीजा अजय उर्फ अभिषेक पुत्र जवाहर वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से उनके सिर और गले पर हमला कर दिया।
![]() |
| प्रतीकात्मक तस्वीर |
जगराम के चीखने की आवाज सुनकर परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही अजय वहां से फरार हो गया। बेटे सुभाष ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और पिता को सीएचसी सिरसिया लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जगराम को मृत घोषित कर दिया।
हत्या की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। मृतक के बेटे सुभाष की तहरीर पर त्रिलोकपुर पुलिस ने आरोपी अजय उर्फ अभिषेक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष मृत्युंजय पाठक ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिद्धार्थनगर में प्राकृतिक एवं योग चिकित्सा केंद्र का शुभारंभ
इस अवसर पर प्राकृतिक एवं योग चिकित्सक डॉ. अनिल चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि न्यूरोपैथी, क्रायोप्रेटिक विधि, प्राकृतिक चिकित्सा और जीवनशैली में सुधार के जरिए कई गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों से राहत पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि बीपी, शुगर, गठिया, सायटिका, कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, गैस, कब्ज जैसी बीमारियों का इलाज बिना दवा के संभव है।
डॉ. अनिल ने खानपान और जीवनशैली में सुधार को स्वास्थ्य का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि मनुष्य को छोड़कर कोई भी जीव किसी अन्य प्राणी का दूध नहीं पीता। उन्होंने दूध के अत्यधिक सेवन को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि क्या हमारी हड्डियां और इम्यूनिटी भैंस, घोड़े या हाथी से अधिक मजबूत है? उन्होंने बताया कि कई ऐसी चीजें हैं जो हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी हैं, लेकिन अनजाने में हमें नुकसान पहुंचा रही हैं।
प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना का उद्देश्य लोगों को दवाओं के बिना स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस केंद्र में विशेष रूप से योग, ध्यान, प्राकृतिक चिकित्सा और न्यूरोपैथी के जरिए मरीजों को स्वस्थ जीवन जीने के उपाय बताए जाएंगे।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से लवकुश ओझा एपी श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, रानू श्रीवास्तव, डब्ल्यू जैसवाल, दुर्गेश निषाद, कक्का तिवारी, दिव्य श्रीवास्तव और कान्हा शामिल थे।
बेटी बचाओ जन आंदोलन के तहत निकाली गई पदयात्रा
सिद्धार्थनगर। बुधवार को मेडिकेयर हॉस्पिटल फाउंडेशन के तत्वावधान में बेटी बचाओ जन आंदोलन के तहत एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा रामलीला मैदान से गुरुनानक अकादमी तक निकाली गई, जिसका नेतृत्व फाउंडेशन के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. गणेश राख ने किया। इस यात्रा में स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
डॉ. गणेश राख ने बताया कि बेटी बचाओ जन आंदोलन की शुरुआत 3 जनवरी 2012 को पुणे से हुई थी। उन्होंने यह अभियान समाज में बेटियों के प्रति फैली नकारात्मक सोच को बदलने के उद्देश्य से शुरू किया था। उन्होंने बताया कि उनके पुणे,महाराष्ट्र स्थित अस्पताल में लड़की के जन्म पर प्रसव का पूरा बिल माफ किया जाता है और बच्ची के जन्म का उत्सव भी मनाया जाता है।
अब तक 3,000 से अधिक हो चुका है मुफ्त प्रसव
इस अनोखी पहल के तहत अब तक 3,000 से अधिक मुफ्त प्रसव कराई जा चुकी है। यह आंदोलन भारत ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश, नाइजीरिया और कांगो जैसे देशों तक भी फैल चुका है। वर्तमान में इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए देशभर में 13,000 से अधिक सामाजिक संस्थाएं और 25,000 से अधिक वालंटियर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
समाज में बेटियों के प्रति सोच बदलने का आह्वान
डॉ. गणेश राख ने कहा कि इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि बेटियां अभिशाप नहीं, बल्कि वरदान हैं। आयोजकों का मानना है कि बेटियों को सम्मान और समान अवसर देने के लिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की जरूरत है, जिसके लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा।
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर नीलम श्रीवास्तव, योगेश, हिना परवीन, दुर्गेश श्रीवास्तव, रिंकू श्रीवास्तव, प्रतीक्षा पांडेय, प्रतीक सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : अंकित अग्रहरि
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा
सीतापुर जनपद के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई डुमरियागंज के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी डॉ. संजीव दीक्षित को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश पांडेय, महामंत्री अफ़ज़ान फारूकी, संरक्षक पप्पू रिजवी, संजय त्रिपाठी और नफ़ासत रिजवी के नेतृत्व में यह ज्ञापन मंगलवार को दिया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि मृतक पत्रकार के परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। हत्यारों और साजिश में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित हो।
साथ ही परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, आश्रित को राजकीय सेवा में नौकरी, मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन और अनाथ बच्चों की शिक्षा व विवाह का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाने की मांग की गई।
देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
पत्रकारों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं हुईं तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
आईजेए ने भी सौंपा ज्ञापन
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजेए) की तहसील शाखा डुमरियागंज ने भी राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। तहसील इकाई के अध्यक्ष राजेश यादव और संरक्षक विक्रांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में पत्रकारों ने हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग की।
आईजेए महामंत्री पुरुषोत्तम दुबे ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की, जबकि प्रदेश सचिव हाशिम रिजवी ने दोषियों को फांसी देने की अपील की।
पत्रकारों की व्यापक भागीदारी
इस मौके पर मनोज शुक्ला, असगर जमील, अनिल मिश्रा, योगेश यादव, अज्जू सिंह, तौकीर असलम, विजयपाल चतुर्वेदी, मोहम्मद इस्माइल, आदित्य सिंह, सफायत अली, देवानंद पाठक समेत कई पत्रकार और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
दीवार गिराकर मार्ग किया सुचारू
तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत लटिया में आबादी की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने रविवार को हटवा दिया। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी डुमरियागंज के न्यायालय द्वारा धारा 133 के तहत पारित आदेश के तहत पुलिस बल की सहायता से की गई।
तहसीलदार रवि कुमार यादव ने बताया कि गांव के सईद मोहम्मद फिरोज पुत्र मोहम्मद मुस्तफा, इरफान अली पुत्र अनवारूल जमा, इजहार अली पुत्र अब्दुल गफ्फार और मोहम्मद इब्राहिम पुत्र मोहम्मद इस्माइल ने आबादी की भूमि पर दीवार खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया था।
एसडीएम कोर्ट ने दिया था आदेश
मामले की सुनवाई एसडीएम कोर्ट में हुई, जिसमें अवैध कब्जा हटाने का आदेश पारित किया गया। आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई दीवार को गिराकर मार्ग को सुचारू रूप से चालू कराया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान लेखपाल अंबिका प्रसाद, राजेश प्रताप मणि और ग्राम प्रधान मोहम्मद अनीश सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
एमडीएम राशन बेचने के आरोप में हुआ था निलंबन
सिद्धार्थनगर जिले के भनवापुर ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय भरवठिया बाजार में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक सूर्यवीर सिंह यादव को हाईकोर्ट ने बहाल कर दिया है। साथ ही, हाईकोर्ट ने एसडीएम डुमरियागंज और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सिद्धार्थनगर को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा है।
![]() |
| सांकेतिक चित्र |
मामला 25 दिसंबर 2024 का है, जब विद्यालय में क्रिसमस की छुट्टी थी। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक विद्यालय में रखा एमडीएम का चावल और गेहूं पिकअप वाहन में लादकर बेच रहे थे। इस सूचना पर एसडीएम डुमरियागंज ने तत्कालीन नायब तहसीलदार महबूब आलम को जांच का निर्देश दिया। तहसीलदार ने पिकअप को कब्जे में लेकर डुमरियागंज पुलिस को सौंप दिया।
निलंबन और कानूनी लड़ाई
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सूर्यवीर सिंह यादव को निलंबित कर बीईओ भनवापुर को उनके खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। बीईओ राजेश कुमार की तहरीर पर डुमरियागंज पुलिस ने केस दर्ज किया। शिक्षक ने इस निलंबन को अवैध बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की।
हाईकोर्ट ने दिया स्थगन आदेश
17 जनवरी 2025 को हाईकोर्ट ने केस पर स्थगन आदेश जारी किया और बीईओ को नोटिस भेजकर जवाब मांगा। कोर्ट ने सवाल उठाया कि एसडीएम ने बेसिक शिक्षा परिषद के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप क्यों किया और बीएसए ने इसकी अनुमति क्यों दी।
28 फरवरी को पारित हुआ बहाली आदेश
हाईकोर्ट ने 28 फरवरी 2025 को अपने आदेश में शिक्षक को बहाल करने और नियमित वेतन भुगतान का निर्देश दिया। साथ ही, एसडीएम डुमरियागंज और बीएसए सिद्धार्थनगर को 24 मार्च 2025 को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है।
रिपोर्ट : अंकित अग्रहरि
दिव्यांग की समस्या सुनकर दिया आश्वासन
डुमरियागंज तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एसडीएम डुमरियागंज डॉ. संजीव दीक्षित ने लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान दिव्यांग पिंटू गौतम ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि गांव का एक व्यक्ति उसके खिलाफ बार-बार शिकायती पत्र देकर परेशान कर रहा है। इस पर एसडीएम ने जमीन पर बैठकर उसकी समस्या सुनी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने पिंटू गौतम से कहा कि भविष्य में कोई भी परेशानी होने पर वह उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं।
एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 11 मामले प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग से संबंधित 8, पुलिस विभाग से 1 और अन्य विभागों के 2 मामले शामिल थे।
राजस्व विभाग के एक मामले का मौके पर ही समाधान
प्राप्त 11 शिकायतों में से राजस्व विभाग के एक मामले का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। बीडीओ डुमरियागंज कार्तिकेय मिश्रा, ईओ महेश श्रीवास्तव और अन्य अधिकारियों ने शिकायतों का संज्ञान लिया तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।